धमतरी : कचना में पेयजल संकट, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

Drinking water crisis in Kachna, villagers demonstrated


धमतरी, 12 मार्च (हि.स.)। गर्मी बढ़ने के साथ शहर व गांवों में पेयजल संकट शुरू हो गया है। कचना में पेयजल संकट से परेशान महिलाओं ने खाली बर्तन को लेकर गांव में ही प्रदर्शन किया। सरपंच व प्रशासन से व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

भीषण गर्मी शुरू होते ही पेयजल संकट की शिकायतें आने लगी है। कुरुद ब्लाक के ग्राम पंचायत कचना में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान हैं। आक्रोशित महिलाओं व बच्चों ने आज मंगलवार को मोर्चा खोल दिया। लंबे समय से पानी की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। शासन का जल-जीवन मिशन मात्र दिखावा साबित हो रहा है। पीने के पानी के लिए लंबी कतारें लगानी पड़ रही है। लंबी दूरी कर पानी लाना पड़ रहा है। आज सड़क पर पीने के बर्तनों को रखकर जमकर शासन प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया। गांव के छोटू चक्रधारी, दीपक चक्रधारी, दिलीप चक्रधारी ने बताया कि गांव के कुम्हारपारा में पेयजल संकट ज्याद है। इससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। पेयजल की समस्या के संबंध में लगातार स्थानीय प्रशासन को सूचना देते आ रहे हैं, लेकिन गांव वालों की इस समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है। यदि यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि एक या दो दिनों में समस्या का निराकरण नहीं हुआ, तो कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से फलेन्द चक्रधारी, लेखन, मुकेश,मंगलू,चम्पू सेन ,उभी सेन , उमेन्द्र यादव , रुपेश यादव, शत्रुघ्न चक्रधारी,कोमल चक्रधारी,भरत निषाद , हेमलाल निषाद,सुखबाई पाड़े, भगवती, पूर्णिमा पाड़े, लक्ष्मी, मीना, अहिल्या, रोहणी,सरोज, ईश्वरीय,रेखा, सुलोचना, रुक्मिणी,अन्नू,सीमा,पूनम कांति, उर्मिला, पुष्पा , रंजना, देवकी,कुसुम रामू,सुनील,संतराम परमेश्वर आदि शामिल है।



प्रशासन को दी गई है सूचना



मामले में ग्राम कचना के सरपंच पुरूषोत्तम चक्रधारी ने बताया कि गांव में पेयजल की समस्या के संबंध में प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। बहुत जल्द व्यवस्था में सुधार हो जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा