अररिया, 22 अप्रैल(हि.स.)। भाजपा के राज्यसभा सदस्य धर्मशीला गुप्ता सोमवार को फारबिसगंज पहुंची,जहां भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।राज्यसभा सदस्य ने सक्रिय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग भी की और भगवा गमछा ओढ़ाकर हौसला आफजाई की।उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर घर जाकर बताते हुए अधिक से अधिक संख्या में आमजनों से भाजपा के पक्ष में मतदान करवाने की अपील की।

भाजपा की राज्यसभा सदस्य धर्मशीला गुप्ता ने मौके परजानकारी देते हुए बताया कि इस बार का भाजपा का संकल्प पूरे देश में चार सौ पार और बिहार में सभी चालीसों सीट जीतने का है।मतदाताओं में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में चलाए गए गए जनकल्याणकारी योजनाओं और सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के साथ संकल्प पूरा किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी वर्गों का ख्याल रखा है और भारत को विकास के मामले में विश्व के विकसित राष्ट्रों की पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया है।देश ही नहीं विदेशों में भी भारत का डंका बज रहा है।

मौके पर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह,भाजपा जिला महामंत्री प्रताप नारायण मंडल,राजेश रंजन,भाजयुमो नेता प्रवीण कुमार,शिवानी सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/चंदा