अमरावती (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के रामतीर्थम स्थित एक मंदिर में पिछले हफ्ते भगवान राम की एक प्रतिमा विरूपित किये जाने के विरोध में वहां यात्रा निकालने की कोशिश करने को लेकर मंगलवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सोमू वीरराजू सहित पार्टी के कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

भाजपा और जन सेना ने विजयनगरम जिले के प्रसिद्ध रामतीर्थम पहाड़ी मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा विरूपित किये जाने की 28 दिसंबर की घटना के विरोध में रामतीर्थ धर्म यात्रा की घोषणा की थी।

हालांकि, पुलिस ने वीरराजू और अन्य नेताओं को रामतीर्थम जाने के लिए शुरूआत में अनुमति दे दी थी, लेकिन बाद में पुलिस अधिनियम की धारा 30 के तहत निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए इसे वापस ले लिया।

पुलिस ने कहा कि उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और अन्य को निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने को लेकर गिरफ्तार किया है।

वहीं, भाजपा ने कहा है कि उसके कई नेताओं को विभिन्न स्थानों पर नजरबंद कर दिया गया है।

रामतीर्थम इलाके में तनाव व्याप्त है। एक महिला नेता यशस्विनी के साथ पुलिस ने कथित तौर पर हाथापाई की, जिसके बाद वह गिर गई।

इस घटना को लेकर राज्य विधान परिषद सदस्य वीरराजू ने सवाल किया कि पुलिस ने वाईएसआर कांग्रेस सांसद विजय साई रेड्डी और तेलुगू देशम पार्टी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू को पिछले हफ्ते मंदिर जाने की अनुमति कैसे दी थी और भाजपा तथा जन सेना के नेताओं को क्यों रोका जा रहा।

उधर, विशाखापत्तनम में राज्यसभा सदस्य सी एम रमेश और पूर्व मंत्री के. श्रीनिवास को पुलिस ने नगर भाजपा कार्यालय से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी। पुलिस ने उन्हें रामतीर्थम जाने से रोकने की कोशिश के तहत यह कदम उठाया।

भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. लक्ष्मीनारायण और पूर्व विधायक पी विष्णुकुमार राजू को नजरबंद कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि कई अन्य स्थानों पर भी भाजपा और जन सेना के नेताओं को रामतीर्थपुरम जाने से रोका गया है।

भाजपा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने वीरराजू और अन्य नेताओं की गिरफ्तारी की निंदा की है।

उन्होंने एक बयान में कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के खिलाफ इस तरह की कठोर कार्रवाई जगन मोहन रेड्डी सरकार की अयोग्यता को उजागर करती है।

भाजपा के प्रदेश महासचिव एस विष्णुवर्धन रेड्डी ने कहा कि वे राज्य में पुलिस ज्यादती के खिलाफ केंद्र से शिकायत करेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राज्य में मानवाधिकारों का बड़े पैमाने पर हनन किया जा रहा है..।