बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के बॉडी डबल सागर पांडे का शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

अब हाल ही में सलमान ने सोशल मीडिया के जरिए अपने बॉडी डबल के साथ एक पुरानी फोटो शेयर करते हुए एक इमोशनल पोस्ट लिखा।

सलमान ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'मेरे साथ हमेशा रहने के लिए दिल से शुक्रिया अदा कर रहा हूं।

आपकी आत्मा को शांति मिले सागर भाई..थैंक यू।'

शाहरुख के बॉडी डबल प्रशांत वाल्दे किया इस खबर को कंफर्म

सलमान खान के बॉडी डबल सागर पांडे के निधन की खबर को शाहरुख खान के बॉडी डबल प्रशांत वाल्दे ने कंफर्म किया था।

प्रशांत ने एक इंटरव्यू में बताया कि सागर जिम में एक्सरसाइज कर रहे थे, तभी अचानक से गिर गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हॉस्पिटल पहुंचने के कुछ देर बाद उनका निधन हो गया।

प्रशांत वाल्दे ने आगे बताया कि वो इस घटना से काफी शॉक्ड हैं, क्योकि सागर पूरी तरह से फिट थे।

'कुछ कुछ होता है' से की थी करियर की शुरुआत

सागर करीब 50 साल के थे। उन्होंने पहली बार 'कुछ कुछ होता है' में सलमान खान के बॉडी डबल के तौर अपने करियर की शुरुआत की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने सलमान के बॉडी डबल के रूप में तकरीबन 50 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।

एक्टर के तौर पर असफल होने के बाद सागर बॉडी डबल बन गए थे

सागर ने 2020 में एक इंटरव्यू में अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर कुछ बातें शेयर की थीं। सागर ने उस इंटरव्यू में बताया था कि उनके पांच भाई हैं और उन पांचों भाईयों के खर्च की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है।

सागर उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ शहर के रहने वाले थे और कई सालों पहले एक्टर बनने के लिए मुंबई आए थे। एक एक्टर के तौर पर असफल रहने के बाद वो बॉडी डबल बन गए थे।