साप्ताहिक राशिफल, पं. अशोक दीक्षित

दिनांक - 7 से 13 अगस्त, 2022

यह राशिफल जन्मकालीन चंद्र राशि पर आधारित है। जिनकी जन्मकालीन राशि ज्ञात नहीं है वे नाम राशि के आधार पर पढ़ सकते हैं।

मेष- यह सप्ताह अत्यंत प्रभावशाली रहेगा। व्यक्तिगत जीवन की कुछ समस्याएं हैरानी सी उत्पन्न करेंगी और बार-बार सोचेंगे, ऐसा कैसे हो सकता है। व्यावसायिक कार्यों में बड़ी तीव्रता के साथ परिवर्तन देखने को मिलेंगे। कुछ निर्धारित प्रस्तावों में फेरबदल होगा और नए चुनौतियों के साथ प्राप्त होंगे। घर-परिवार के सदस्यों के स्वभाव में वैमत्य सा देखने को मिलेगा, सभी अपना पृथक राग अलापेंगे। मन में अजीब सी घबराहट किसी शंका या षड्यंत्र को लेकर रहेगी। किसी व्यक्ति पर से भरोसा टूटने जैसी स्थिति आएगी। दैनिक आमदनी समान सी रहेगी। घरेलू किसी खर्चे में विवेक प्रयोग करके अतिरिक्त खर्चे को नियंत्रित करना होगा। संतान की तरफ से उनकी शिक्षा या आजीविका के संबंध में कोई अनुकूलता का समाचार प्राप्त होगा। कोई पुराना विवाद यदि है तो उसका समाधान निकलने लगेगा। जीवनसाथी की चिंता कम होने लगेगी। महिलाओं को सोच में विराटता लानी होगी। नौकरीपेशा वर्ग अतिरिक्त कार्य-भार और उलाहने से ग्रस्त रहेगा।

वृषभ- यह सप्ताह आस-पास व्याप्त संदेह और असामंजस्य के निवारण हेतु प्रयास करवाने वाला है। कुछ नए लोगों से मिलेंगे और व्यापार की नूतन सम्भावनाओं के प्रति प्रयत्न करेंगे। राशि स्वामी शुक्र अब शनि के दृष्टि प्रभाव में आ रहे हैं। अपनी उन्नति की चाह और अभिलाषा प्रबल होने लगेगी, किन्तु क्रियान्वयन पक्ष उतना श्रेष्ठ नहीं रह पाएगा। आपको इस विषय में अधिक चिंतन करना होगा। रूठे लोगों को मनाने का प्रयास करेंगे तो कार्य सम्पादन भी अच्छा होने लगेगा। किसी नुकसान की भरपाई हेतु अवसर प्राप्त होगा। आपको अपना व्यावसायी कौशल प्रकट करना होगा। घर-परिवार में युवा लोगों की पसंद को प्राथमिकता देनी होगी। सप्ताह मध्य थोड़ा कठिन जाने वाला है। काम आसानी से नहीं बनेगें, अपितु कोई अनर्गल आक्षेप भी सहना होगा, जिसका बाद में निराकरण हो जाएगा। महिलाएं इस सप्ताह सुकून सा अनुभव करेंगी और अपनी मर्जी के कुछ निर्णय लेंगी। विद्यार्थियों के लिए समय सुधर रहा है, उन्हें भी बदलना होगा। नौकरीपेशा वर्ग यश व प्रतिष्ठा को लेकर चिंतित रहेगा।

मिथुन- यह सप्ताह चुनौतीपूर्ण और श्रम-साध्य है। उन्नति व अवन्नति की सम्भावना समकक्ष बनी रहेगी। कार्य-प्रणाली में साधारण सी भी लापरवाही न करें और अधीनस्थों के भरोसे पूरा काम न छोड़ें, अपितु बराबर दृष्टि व सुरक्षा बनाए रखें। इस समय का प्रदर्शन व सोच भावी कुछ आयकारी सम्भावनाओं को जन्म देने वाला होगा। राशि स्वामी बुध अब उत्तम स्थिति की तरफ उच्चाभिलाषी हैं। कुछ लोगों के प्रति संदेह या कोई भ्रम जैसा मन में था, उसका निराकरण होने लगेगा। यह समय व्यक्तिगत दोषों को गम्भीरता से नियंत्रित करने का है। ऋण के लेन-देन की गति बढ़ेगी, आमदनी का स्तर बढ़ेगा, कहीं से बड़ा लाभ भी प्राप्त होगा। कार्य-प्रणाली में सौन्दर्य पक्ष को बढ़ाना होगा। चतुराई पूर्वक साथियों को साधना होगा। सप्ताह अंत में स्वास्थ्य संबंधी कोई छोटी सी बात हो सकती है। महिलाएं अब खुलकर अपनी मर्जी व अधिकार प्रस्तुत कर सकती हैं। संतान की समस्या अभी बनी रहेगी। विद्यार्थी वर्ग का अति संघर्ष और चुनौती का समय चल रहा है, पढ़ाई के साथ पारिवारिक दबाव अनुभव करेंगे। नौकरीपेशा हैं तो वरीष्ठजनों से तालमेल में बाधा रहेगी।

कर्क- इस सप्ताह जीवन में व्याप्त असहयोग व अशांति का किसी न किसी तरह समाधान निकालना होगा। साझेदारी के व्यापार में कुछ फरबदल करेंगे। कुछ पुराने सम्पर्कों को पुनः जीवित करने की कोशिश करनी होगी। सूर्य अब राशि में हैं और लाभेश शुक्र भी। आमदनी में रुकावट दूर होने लगेंगी, बल्कि आय का कोई बड़ा अवसर भी प्राप्त किया जा सकता है। स्वयं के प्रयत्न प्रबल रखने होंगे। आस-पास के लोगों का व्यवहार अब आपके पक्ष में होने लगेगा। सरकारी मर्यादा का उल्लंघन किसी भी जोश में न करें। मशीनरी के रख-रखाव या क्रय पर खर्चा हो सकता है। घरेलू किसी उत्सव में खर्चा भी होगा और किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति का सम्मान करके अपना काम निकलवाने का प्रयास करेंगे। पुराना कोई रोग प्रभावी हो सकता है। अपनी बात या मत को स्वयं प्रकट और प्रस्तुत करेंगे तो अच्छा होगा। महिलाएं खर्चा कुछ विशेष करेंगी और यश-प्रतिष्ठा हेतु कोई जिम्मेदारी भी वहन करेंगी। नौकरीपेशा हैं तो आपके विरोधियों की बदमाशी प्रकट होने लगेगी।

सिंह- इस सप्ताह व्यावसायिक और कार्यालयी प्रतिस्पर्द्धा अधिक रहेगी, उसके बावजूद भी स्वाभाविक लापरवाही को आपको नियंत्रित करना होगा। पारिवारिक कुछ मतभेद से रहेंगे, जिनका निराकरण  हो जाएगा। कार्य-साधन हेतु दौड़-भाग अधिक करनी होगी और आवश्यक लोगों से सम्पर्क स्थापित करना होगा। आय प्राप्ति के साधन और सम्भावना अधिक रहेंगी परंतु चुनौतिपूर्ण होंगी और आपको आय केन्दि्रत होकर अन्य व्यक्तिगत और घरेलू विषयों पर से अपना ध्यान हटाना होगा। कर्ज के लेन-देन में कहीं कुछ त्रुटि या हिसाब में चूक हो सकती है, दो बार परीक्षण अवश्य करें। संतान को प्रोत्साहित करना होगा और उन्हें कर्त्तव्य के प्रति सावधान भी करना होगा। आपकी प्रतिष्ठा से आहत होकर कोई महिला दुराग्रह कर सकती है। विद्याथियों के लिए यह सप्ताह अपना हित देखने का है, परम स्वार्थी होकर परिस्थितियों को काबू में लेना होगा। महिलाओं को छोटी सी बात या इच्छा को अधिक महत्व देने से बचना होगा। नौकरीपेशा वर्ग को अतिरिक्त योग्यता व कौशल का प्रदर्शन कर दौड़ में आगे निकलना होगा।

कन्या - यह सप्ताह आपकी चतुराई और दूरदर्शिता का परीक्षण करने वाला है। कम खर्चे व श्रम में कार्य कैसे पूरा हो इस विषय में मंथन करना होगा। सम्पूर्ण ध्यान आय वृद्धि पर रहेगा, किन्तु खर्चे को कम किए बिना, इसका पूरा फायदा नहीं मिल पाएगा। राशि स्वामी बुध राशि से बारहवें चल रहे हैं। अतिरिक्त जिम्मेदारी या कार्य-भार से आप बच नहीं सकते। यदि कार्य-प्रणाली में परस्पर सहयोग लेने की कला का प्रयोग किया तो सफल रहेंगे। सार्वजनिक रूप से किसी विषय में कहीं पूछताछ हो सकती है, कोई आक्षेप या उलाहना भी आ सकता है। राशि से पंचम वक्री शनि पर सूर्य का प्रभाव संतान की या अधीनस्थ की कोई अवज्ञा का संकेत है, इसलिए जो भी निर्देश देवें, सोच-समझकर देवें। महिलाओं के लिए यह सप्ताह दौड़-भाग में जाएगा, कई परिजनों से मेल-जोल होगा, कुछ खरीददारी भी करेंगी। विद्यार्थियों के लिए समय कठिन व थोड़ा चिंता कारक रहेगा। नौकरीपेशा वर्ग को व्यर्थ के कार्यों से स्वयं को दूर रखकर, अपनी जिम्मेदारी पूर्ण करनी होगी।

तुला- यह सप्ताह अतिविशिष्ट है। शुभ-अशुभ घटनाक्रम साथ-साथ उत्पन्न होंगे, किसे सम्हालें और किसे छोड़ें, अजीब सी उलझन बनी रहेगी। किसी भी सूरत में कोई भी कलहकारी या विवादपूर्ण स्थिति में उलझनें की चेष्टा न करें, दूर रहें। अन्य की चिंता या सहयोग करने की अपेक्षा अपनी स्वयं की सुरक्षा और कर्त्तव्य पालन का ध्यान प्रमुखता से रखें। राशि व राशि स्वामी शुक्र पर शनि-मंगल व सूर्य का प्रभाव जीवन चक्र को बेहद संवेदनशील बना रहा है। प्रियजनों की न तो उपेक्षा करें और न ही मोह में अंधे बनें। कोई सरकारी बाधा सम्भावित है और कोई जुर्माना भी भरना पड़ सकता है। स्वाभाविक जल्दबाजी हानिकारक सिद्ध हो सकती है। किसी भी व्यापारिक प्रस्ताव पर सहज निर्णय न लेवें। जमीन-जायदाद का व्यापार सावधानी पूर्वक करें। महिलाओं को आवेश पर नियंत्रण रखना होगा और सुनी-सुनाई बातों पर प्रतिक्रिया करने से बचना होगा। नौकरीपेशा वर्ग को मेल-जोलकर बढ़ाकर अपना काम निकालना होगा।

वृश्चिक- यह सप्ताह भावनात्मक रूप से आहत करने वाला है। अधिकांश लोग आपकी मजबूरी का फायदा उठाना चाहेंगे। व्यक्तिगत परिस्थिति को जितना गोपनीय रखेंगे, उतना आसानी रहेगी। व्यावसायिक मोलभाव का पुनर्निधारण करने को कोशिश करनी होगी। घर के किसी बुजुर्ग को स्वास्थ्य समस्या या अन्य कोई कष्ट सम्भावित हैं। पुराने किसी मामले की कोई सरकारी पूछताछ हो सकती है परंतु आप इसमें चतुराई से निकल सकेंगे। पराई सलाह को सुनें अवश्य परंतु विश्वासपात्र की सलाह पर ही अमल करें। स्वाभाविक ईर्ष्या को अभी अपनी कमजोरी न बनने दें, अपितु स्वयं के कार्य तंत्र में सुधार कर, इसे अपनी ताकत बनावें। कर्ज भुगतान को लेकर कहीं तीखी वार्ता सम्भावित है। महिलाओं को अनावश्यक अनुसरण की प्रवृत्ति या व्यक्तिगत प्रतिस्पर्द्धा को नियंत्रण में रखना होगा, अन्यथा कोई नुकसान कर बैठेंगी। विद्यार्थियों के लिए यह योग्यता बढ़ाने का और नई सम्भावनाओं पर ध्यान देने का समय है। नौकरीपेशा लोग किसी पर भी भरोसा न करें, अपने काम की परिणिति तक स्वयं सचेत रहें।

धनु- यह सप्ताह आमद कम और खर्चा अधिक रहेगा। परिश्रम की अधिकता रहेगी और अनुपात में सफलता देर से मिलेगी। राशि से दूसरे स्थिति शनि की दृष्टि राशि स्वामी गुरु पर पड़ रही है। आपका आलस्य, प्रमाद या लापरवाही प्रत्यक्ष हानि का कारण  बन सकते हैं। घरेलू मामलों में पक्षपाती न बनें, बल्कि सामंजस्य की नीति अपनाने की कोशिश करें। एक प्रयास में काम न बनें तो हताश न होकर पुनः प्रयास करें। संतान की समस्या कम होने लगेगी, उनके आचरण और व्यवहार में अब सुधार होने लगेगा। साझेदारी का कोई नूतन प्रस्ताव बाहर कहीं से आवें तो उस पर गम्भीरता से विचार करें। व्यावसायिक हिसाब का आंकलन करने में विलम्ब न करें, कोई बड़ी चूक हो सकती है। महिलाओं के लिए यह सप्ताह पराई टीका-टिप्पणी से अप्रभावित रहने का है, वही काम करें जो सर्वथा उचित है, चाहे कोई संतुष्ट हो या न हो। विद्यार्थी वर्ग को स्वयं को लक्ष्य केन्दि्रत करना होगा। नौकरीपेशा लोग अपनी उन्नति हेतु जो भी करना पड़े, उसके लिए सज्ज रहें।

मकर- इस सप्ताह अपनी सम्पूर्ण ऊर्जा के साथ कार्यों में संलग्न होना होगा। मानसिक निराशा से बाहर निकलने की कोशिश करें। अभी आपको न्यूनतम आय का भी कोई अवसर नहीं छोड़ना है। पारिवारिक कुछ समस्याओं का अभी तत्काल कोई समाधान नहीं होगा, इसलिए उन्हें ईश्वर भरोसे छोड़कर व्यक्तिगत उन्नति व व्यावसायिक गति को साधने की कोशिश करें। साझेदारी के नूतन प्रस्ताव आ सकते हैं। बाहरी व्यापार में लाभ अधिक होगा। पुराने सम्पर्कों का व्यावसायिक लाभ लेने की योजना बनानी होगी। दैनिक आमदनी बढ़ेगी, जिससे उत्साह भी बढ़ेगा। जीवनसाथी से व्यक्तिगत कारणों से कुछ नाराजगी रह सकती है, उनकी कोई अभिलाषा आपको पूर्ण करनी ही होगी। राशि से आठवें बुध अवरोधों का संकेत है परंतु समाधान भी देंगे। महिलाओं को अभी किसी भी अन्य की प्रसन्नता या अप्रसन्नता की चिंता न करके, स्वयं की सहजता को प्राथमिकता देनी होगी। नौकरीपेशा वर्ग को कुछ बाधाओं और चुनौतियों का सामना करना होगा।

कुंभ- इस सप्ताह दैनिक आय-व्यय का लेखा-जोखा व निरीक्षण आवश्यक है। कुछ अभिलाषाओं को त्याग देना ही अभी उचित होगा। कहीं भ्रमण का कार्यक्रम निर्धारित है तो टाल देने की कोशिश करें। पैसे की अभी अचानक से आवश्यकता पड़ सकती है। कार्य-व्यवसाय में कोई रूपान्तरण की योजना बन सकती है। कुछ नए लोगों पर भरोसा करना होगा। संकल्प में दृढ़ता रखनी होगी, भले ही निर्णय लेने में समय लगे। मानसिक उद्वेग और असंतोष प्रभावी होने लगे तो थोड़ा ईश्वर सुमिरण अधिक करें। लोगों के विषय में तात्कालिक माहौल को देखकर कोई धारणा न बनावें। साझेदारी में कोई गड़बड़ का पता लगा सकता है। परिवार में थोड़ा असामंजस्य सा रहेगा। संतान की तरफ से कोई नया प्रस्ताव आएगा, जिस पर विचार करना ही होगा। महिलाओं को विवेक और चातुर्य का प्रयोग प्रत्येक रिश्ते व कार्य में करना होगा। विद्यार्थी वर्ग कुछ नयी दिशा में सोचेंगे। नौकरीपेशा वर्ग को ‘एक साधे-सब सधे’ की नीति अपनानी होगी।

मीन- यह सप्ताह उत्साह वर्द्धक है। व्यावसायिक कार्यों में गति  होगी। नए सम्पर्कों का लाभ मिलेगा। पूर्व निर्धारित योजनाओं पर क्रियान्वयन हो सकता है। आस-पास के लोगों के क्रियाकलाप को पूरा सच न मानें बल्कि गहराई में जाकर सोचें। बनावटी व्यवहार अधिक देखने को मिलेगा। कुछ पुराने विरोधी अपना प्रभाव दिखाने की कोशिश करेंगे, उनसे सावधान रहें। संतान की कोई चिंता रहेगी, जिसके लिए किसी विशेषज्ञ का मार्गदर्शन लेना होगा। वाणी पर पूर्ण संयम रखें, अनावश्यक विवाद हो सकता है। किसी गोपनीय मार्ग से आय हो सकती है। व्यापार में कोई नया विषय जोड़ने की कोशिश करेंगे। महिलाओं को स्वयं के प्रति बढ़ रही ग्लानि या निराशा को नियंत्रित कर, किसी प्रिय विषय में संलग्न होना होगा। विद्यार्थी वर्ग को अपनी दिनचर्या को सम्हालना होगा और व्यर्थ के विषयों या कार्यों से स्वयं को दूर करना होगा। नौकरीपेशा वर्ग कार्यभार से थोड़े थकान अनुभव करेंगे।