साप्ताहिक राशिफल, पं. अशोक दीक्षित

दिनांक - 31 जुलाई से 6 अगस्त, 2022

यह राशिफल जन्मकालीन चंद्र राशि पर आधारित है। जिनकी जन्मकालीन राशि ज्ञात नहीं है वे नाम राशि के आधार पर पढ़ सकते हैं।

मेष- इस सप्ताह कुछ खट्टे तो कुछ मीठे अनुभव प्राप्त होंगे और आपको दृढ़ निश्चयी होकर तदनुरूप योजना निर्माण और क्रियान्वयन करना होगा। अचानक से कार्य-कलाप में अनपेक्षित बाधाएं आयेंगी, कुछ लोग भी अपने व्यवहार में आपके प्रति बदलाव करेंगे। आप तभी सफल हो सकते हैं जबकि किसी भी लक्ष्य के प्रति तटस्थ रहेंगे और वैकल्पिक साधनों पर ध्यान देंगे। घर-परिवार में अजीब सी अशांति रहेगी, एक स्थिति को नियंत्रण में लेंगे तभी दूसरी उत्पन्न हो जायेगी। जमीन जायदाद का कोई मसला वाद-विवाद से ग्रस्त हो सकता है। कार्य तंत्र में असंतुलन और अव्यवस्था सी देखने को मिलेगी। व्यवसाय की गति बाधित हो सकती है। साझेदारी के व्यापार में आय-व्यय एवं व्यक्तिगत हितार्थ पुनः नीति-निर्धारण करना पड़ सकता है। जीवन-साथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी, साथ ही किसी कारण से उनका स्वभाव कुछ असंतुष्ट व अशांत सा रहेगा। विद्यार्थी वर्ग को योग्यता वृद्धि हेतु कुछ नया प्रयास करना होगा। महिलाएं व्यर्थ विचारों से दूर रहकर किसी न किसी कार्य में स्वयं को व्यस्त रखें अन्यथा मानसिक कुंठा उत्पन्न होगी।

वृषभ- इस सप्ताह शांति व धैर्य से परिस्थितियों को साधना होगा, तात्कालिक प्रतिक्रिया से बचें। घरेलू विषयों व परिजनों के संबंध में मोह या पक्षपात की अपेक्षा विवेक से काम लें। प्रत्यक्ष रूप से किसी का भी समर्थन विवाद को बढ़ावा देगा। खर्चा विशेष होगा किसी यंत्र या मशीन में संशोधन या परिवर्तन करना पड़ सकता है। राशि से नवम व एकादश में गुरु व शनि वक्री हैं, आय प्राप्ति में इस समय असंतुलन सा रहेगा। अपनी जरूरतों के लिए अभी कोई अतिरिक्त व्यवस्था करनी होगी, कोई शत्रु विवाद है तो निपटारे की कोशिश करें। कर्ज को लेकर कुछ विशेष सोचना होगा। नई साझेदारी का कोई प्रस्ताव आ सकता है। महिलाओं को अपनी इच्छा या मत के समर्थन हेतु घुमा-फिराकर बात रखनी होगी। विद्यार्थियों को क्रिया-कलाप में नियमितता लानी होगी। स्वास्थ्य में सुधार होगा। किसी संपत्ति से लाभ हो सकता है। नौकरीपेशा हैं तो मेल-जोल बढ़ाकर और परस्पर तालमेल से अपना काम निकाने लें, कोशिश करें।

मिथुन- यह सप्ताह मानसिक विचलन और तनाव में राहत देने वाला है। कहीं कुछ आर्थिक हानि संभावित है परंतु अभी इससे अधिक चिंता न करके भावी कार्यों व अवसरों के प्रति सकारात्मक होना होगा। राशि स्वामी बुध का परिवर्तन जीवन में आस-पास के लोगों में परिवर्तन करेगा। सार्वजनिक रूप से कहीं भी वचन बद्धता सावधानी पूर्वक करें। शनि की ढैय्या का प्रभाव बढ़ेगा और अच्छे साथियों व कर्मचारियों का थोड़ा अभाव रहेगा। अभी स्वयं के परिश्रम में वृद्धि करके परिस्थिति को साधना उपयुक्त होगा। राशि से दशम गुरु अपनी राशि में वक्री हैं। कोई पुराना निर्धारित कार्य पुनः लौटकर आ सकता है। आप संयमित कार्य-प्रणाली को लक्ष्य केन्दि्रत करें, अन्य सहायक विषयों पर ज्यादा ध्यान न देवें। पारिवारिक रिश्तों में सुधार होगा। व्यक्तिगत दिनचर्या सुधरेगी, मानसिक नकारात्मकता अब कम होने लगेगी। महिलाएं यश वृद्धि हेतु अतिरिक्त सहयोग हेतु स्वयं को उपस्थित रखेंगी। विद्यार्थी वर्ग अभी थोड़ा प्रसन्न सा रहेगा। नौकरीपेशा हैं तो कुछ कठिनाई व बाधा के साथ काम करना होगा।

कर्क- यह सप्ताह कुछ व्यस्ततम और दौड़-भाग से परिपूर्ण है। खर्चा भी कुछ विशेष होने वाला है। परिजनों के अलावा भी अन्य प्रियजनों की प्रसन्नता हेतु खर्चा विशेष करेंगे। कार्यक्षेत्र में अब किन्हीं समझौतों या मध्यस्थ मार्ग को अपनाना उत्तम होगा। दैनिक आमदनी में सुधार होगा। वाक्-कौशल का भरपूर लाभ लिया जा सकता है। किसी प्रियजन को आर्थिक सहयोग करना पड़ सकता है। राशि स्वामी और आपकी राशि इन दिनों विविध ग्रहों के शक्तिशाली दृष्टिपात में रहेंगी। इन दिनों व्यर्थ के मोह और भावुकता को नियंत्रण में रखें। अनावश्यक अपयश प्राप्त हो सकता है। व्यापारिक रिश्तों में शांति से काम लें। क्रोधावेश का प्रदर्शन काम को बिगाड़ सकता है। अपने स्तर से नीचे सोचने या कार्यावसर पर क्रियान्वयन में विलम्ब करने की गलती न करें। महिलाएं अभी किसी की भी बात या व्यवहार को हृदय से न लगावें। विद्यार्थी वर्ग अपनी समय की बर्बादी को नियंत्रण में लेने का प्रयास करें। नौकरीपेशा वर्ग घटना के पीछे की सच्चाई जानने की कोशिश करें।

सिंह - यह सप्ताह अतिविशिष्ट है और आपको सम्हलने व स्वयं के क्रियाकलाप और सोच में सुधार का अवसर दे रहा है।  कार्य-व्यवसाय में नीति से चले, पुरानी असावधानी दोहराने की गलती न करें। आर्थिक हित का ध्यान सर्वोपरि रखें और इसके लिए जो भी समझौता रिश्तों या कार्य-पद्धति में करना पड़े, अवश्य करें। थकान और कहीं-कहीं निराशा सी उत्पन्न होगी परन्तु पुनः संशोधित उपाय प्रयोग में लेंगे तो सफलता मिलेगी। मित्रों की बातों से व्यर्थ प्रभावित होकर कोई जोखिम न लेवें। जीवनसाथी के संशय दूर करने की व उसके स्वास्थ्य के लिए थोड़ा विशेष ध्यान देवें। इन दिनों अपनी यात्राओं को व्यावसायिक स्वरूप देने की कोशिश करें। सरकारी मामलों में कोई जिद्द न करें अपितु जो भी निराकरण का मार्ग प्रथम प्राप्त हो, उसी को प्रयोग में लें। महिलाएँ अपने जीवन व कार्य-पद्धति को उन्नत करने की सोचेंगी और यशोवृद्धि हेतु प्रयास करेंगी। विद्यार्थी वर्ग किन्हीं निजी कारणों से प्रभावित होगा और 2-3 दिन पढ़ाई बाधित रहेगी, थोड़ी निराशा भी होगी। नौकरीपेशा वर्ग अतिरिक्त आय व उन्नति हेतु प्रयास करेंगे।

कन्या - इस सप्ताह अचानक से व्यस्तता और खर्चा बढ़ने लगेगा। व्यक्तिगत जीवन और कार्य-प्रदर्शन को और समृद्ध करने की कोशिश करेंगे। किसी तकनीकी उपकरण का नवीनीकरण या परिवर्तन करने का प्रयास करेंगे। राशि स्वामी बुध अब राशि से बारहवें हैं और सूर्य एकादश भाव में हैं। इन दिनों कार्य-व्यवसाय और आमदनी में वृद्धि हेतु दौड़-भाग करनी होगी, अपने सम्पर्क सूत्र बढ़ाने होंगे, अन्य शहरों या देशों में संभावनाएँ खोजनी होंगी। आय या लाभ के संबंध में अभी किसी भी अनैतिक मार्ग से दूर रहें, अन्यथा मान-हानि या जुर्माना भरने की स्थिति आ सकती है। साझेदारी का व्यापार है तो कुछ संशोधन आवश्यक है जो भी बोलें सोच-समझ कर कहें, क्योंकि कहीं महत्त्वपूर्ण अवसर पर आपकी बात का अनुचित अर्थ लिया जा सकता है। महिलाएँ स्वास्थ्य व सौन्दर्य में वृद्धि हेतु कुछ विशेष सोचेंगी। किसी उत्सव या आयोजन की तैयारी में व्यस्त रहेंगी। विद्यार्थी इन दिनों थोड़े असंयमित होने लगेंगे। नौकरीपेशा वर्ग को चातुर्य का प्रयोग अधिक करना होगा।

तुला - यह सप्ताह संघर्ष व परिश्रम से परिपूर्ण है। हिम्मत व साहस के साथ तालमेल बनाकर काम करना होगा। स्वास्थ्य समस्याओं का निदान अब होने लगेगा। व्यक्तिगत रिश्तों में कुछ खटास सी अनुभव होगी। सार्वजनिक रूप से कहीं नीचा देखना पड़ सकता है। यदि दूर दृष्टि से अपनी तैयारी पूर्ण रखेंगे तो सुरक्षित रहेंगे। दैनिक आमदनी में सुधार होगा। कोई बड़ा निवेश करके लाभ अर्जित करने का अवसर आ सकता है। कार्य-व्यवसाय को लेकर कुछ सरकारी पूछताछ भी संभावित है। विशेषज्ञों व विश्वासपात्र लोगों का मार्गदर्शन लेना होगा। कर्ज के रूपान्तरण या नूतन कर्ज प्राप्ति की कोई कोशिश की जा सकती है। पारिवारिक कोई सम्पत्ति, विवाद का विषय हो सकती है। जीवन साथी की आपके विचारों पर असहमति सी रहेगी। सप्ताह के अंत में किसी समस्या पर आपको अतिगंभीरता व विवेक निर्णय लेना होगा। महिलाएँ व्यक्तिगत रिश्तों को लेकर थोड़ी आहत सी रहेंगी। विद्यार्थी वर्ग स्वयं को सुनियोजित करने की आवश्यकता महसूस करेंगे। नौकरीपेशा वर्ग को अधिक परिश्रम व अधिकारियों से तालमेल रखना होगा।

वृश्चिक - यह सप्ताह कार्य-प्रणाली को सुव्यवस्थित और सुनियोजित रखने वाला है। प्रतिस्पर्धा उच्च दर्जे की रहेगी। आपके अधिकारों की सुरक्षा हेतु कुछ विशेष प्रदर्शन और श्रम करना होगा। इस समय अपनी सोच को गोपनीय रखें। अपने मन की ना करके दूसरों के विचार जानने का प्रयास करें। आर्थिक लेन-देन में कहीं कोई त्रुटि की संभावना है। व्यावसायिक रिश्तों का सदुपयोग करने का उचित समय है। अपनी माँग को अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने का उचित समय है। घर में बुजुर्गों की कुछ चिंता हो सकती है। यात्रा में सावधानी रखें, कहीं कोई नुकसान संभावित है। महिलाओं को कहीं किसी रिश्ते में खटास का अनुभव होगा, सभी को प्रसन्न रख पाना उनके लिए अभी संभव नहीं। विद्यार्थी वर्ग अपनी योग्यता में वृद्धि हेतु कुछ नया प्रयोग और दिनचर्या व्यवस्थित करने की सोचेंगे। कोई नया अवसर आयेगा। नौकरीपेशा वर्ग को अपनी उन्नति हेतु यथासंभव सभी नीति प्रयोग में लेना होगा।

धनु- इस सप्ताह अपनी व्यावसायिक और व्यक्तिगत उन्नति हेतु नई सम्भावनाओं पर सकारात्मक प्रयत्न करने होंगे। नियमित प्रक्रिया से भिन्न कुछ नया सोचना होगा। पद-प्रतिष्ठा किन्हीं मामलों में दाव पर लगी रहेगी और उसकी चिंता सी रहेगी। संतान की तरफ से कोई समस्या अब निदान की तरफ आगे बढ़ेगी। घर-परिवार में लोगों का आवागमन अधिक रहेगा, जिससे आपकी व्यक्तिगत दिनचर्या प्रभावित होगा। आय वृद्धि हेतु कुछ नए प्रयोग करेंगे और प्रतिस्पर्द्धा को साधने की कोशिश करेंगे। भाग्येश सूर्य अभी अष्टम में हैं और उच्च स्तर पर कुछ असंतोष व असहयोग अनुभव होगा। कोशिश करें कि अधिकांश कार्य आप अपने समार्थ्य के आधार पर सम्पादित कर लें। महिलाएं पारिवारिक रूप से परिजनों की पुरानी कुछ बातों को लेकर परेशान रहेंगी, कामकाजी हैं तो कार्यभार को सम्हालने हेतु अतिरिक्त श्रम करना होगा। विद्यार्थी वर्ग के लिए सप्ताह कुछ कठिन है, मानसिक एकाग्रता बाधित होगी और कोई भय सा व्याप्त हो तो लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सर्वोत्तम उपाय है।

मकर - यह सप्ताह थोड़ा थकान उत्पन्न करने वाला है। कुछ आवश्यक और सरल से कार्यों के लिए भी बहुत मशक्कत करनी पड़ेगी। लोगों से आसानी से अपनी बात नहीं मनवा पाएंगे। व्यवसाय में लाभ की परिवर्तित और संशोधित नीति प्रयोग में लेनी होगी। पूर्व निर्धारित योजना और कार्य-प्रणाली पर्याप्त नहीं  होगी। व्यक्तिगत रिश्तों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। कुछ रिश्ते तो अब निभाना ही कठिन हो जाएगा। दाम्पत्य जीवन में एक अजीब सी उलझन व असंतोष सा महसूस करेंगे। इन दिनों बाहरी और व्यापारिक कार्यों में अपनी इच्छा बलवती रखें परंतु पारिवारिक मामलों में अन्य सदस्यों की बात मानकर चलना ही उत्तम होगा। जमीन-जायदाद के संबंध में कोई नकारात्मक वार्ता सामने आ सकती है। साझेदारी में महसूस हो रहे षड्यंत्र जैसी बात को नजरंदाज करने की गलती न करें। अधीनस्थ वर्ग को पूर्णतया अपने नियंत्रण में रखें और निरीक्षण करते रहें। नौकरीपेशा हैं तो कुछ जिम्मेदारियों में बदलाव सम्भावित है जो आपके अनुकूल नहीं होंगे।

कुंभ - इस सप्ताह जीवन की कुछ कड़वी सच्चाई से सामना करना पड़ सकता है। अपनी गलती या त्रुटि को सुधारने का समय है, आपको किसी भी निंदा को अपमान समझने की भूल नहीं करनी है, अपितु लोगों से कुछ सीखने का समय है। आर्थिक तंत्र अनियंत्रित सा रहेगा, आमद पर अचानक से रूकावट सी देखने को मिलेगी। जो भी भुगतान करें, उसमें अपनी आवश्यकता का पूरा ध्यान अवश्य रखें। राशि से चंद्रमा इस सप्ताह सातवें-आठवें होकर नवम राशि में पहुंचेंगे। कुछ नुकसान उठाकर आगे निकलने की कोशिश उत्तम रहेगी, अटके रहेंगे तो अन्य अवसर छूट जाएंगे। शत्रु पक्ष से अड़े रहने की बजाए कोई मध्यम मार्ग खोजने का प्रयास करें। इन दिनों वाक्-कौशल पर पूर्ण नियंत्रण रखें, कहीं घुमा-फिराकर आपसे कुछ बातें निकलवाने की चेष्टा हो सकती है। महिलाओं को व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं पर निंयत्रण रखना होगा, अन्यथा वे कहीं ठगी सी रह जाएंगी। नौकरीपेशा हैं तो साथियों के साथ गोपनीयता अवश्य रखें।

मीन- इस सप्ताह अपने मनोबल व धैर्य को बनाए रखना एक चुनौती सी रहेगी। ईश्वर सुमिरन का समय बढ़ा कर रखें। कुछ बातों या स्थितियों को अभी नजरंदाज करने की कोशिश करें। हर व्यक्ति को प्रतिउत्तर देना या स्पष्टीकरण देने की गलती न करें। कर्ज के लिए कोई सुरक्षित प्रयत्न पुनः करना होगा। घर-परिवार में खर्चा बढ़ेगा, कुछ आवश्यक सामग्री क्रय करेंगे। व्यापार में तात्कालिक मोल-भाव से परे जाकर गति बनाए रखनी होगी। किसी गोपनीय मार्ग से आय सम्भावित है। इन दिनों असत्य से परहेज करें, सार्वजनिक रूप से कहीं आपका असत्य उजागर हो सकता है। संतान का कोई कृत्य परेशानी का कारण बन सकता है। किसी घटना को लेकर या किसी व्यक्ति से संबंध थोड़ा भयव्याप्त हो सकता है। किसी प्रियजन के स्वास्थ्य पर संकट आ सकता है। महिलाएं स्वाभिमान को लेकर थोड़ी चिंतित और किसी से नाराज हो सकती हैं। विद्यार्थी आत्मविश्वास का अतिरेक प्रकट न करें। नौकरीपेशा वर्ग चतुराई से आगे निकलने की कोशिश करें।