नयी दिल्ली : आयुष्मान भारत के तहत 18 अप्रैल को आयोजित 464 प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेलों में 3.5 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया, वहीं 64,000 से अधिक आभा स्वास्थ्य पहचान पत्र बनाये गये और 17,000 पीएमजेएवाई स्वर्ण कार्ड जारी किये गये।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ मिलकर 16 अप्रैल से 22 अप्रैल तक आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और आरोग्य केंद्रों के चार साल पूरा होने का उत्सव मना रहा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 18 से 22 अप्रैल तक राज्यों के प्रत्येक जिले में कम से कम एक प्रखंड में एक लाख से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और आरोग्य केंद्रों में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले आयोजित किये जा रहे हैं।

प्रत्येक स्वास्थ्य मेले में दिनभर कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे और राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों के हर प्रखंड को इसके दायरे में लाया जाएगा।