पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा जिले के राजगीर के लिए  गंगाजल आपूर्ति योजना की शुरुआत की।

‘राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर’ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि आज से राजगीर में गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो गयी है।’’

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में शुरू किए गए जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत राजगीर, गया, बोधगया और नवादा में गंगाजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जानी है।

नीतीश ने कहा कि आज राजगीर में गंगाजल आपूर्ति योजना की शुरुआत की गयी है जबकि सोमवार को गया और बोधगया में इसकी शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ महीनों बाद नवादा में भी गंगाजल आपूर्ति योजना शुरू होगी।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से प्रत्येक घर में प्रतिदिन 135 लीटर गंगाजल मिलेगा। उन्होंने कहा कि पटना एवं अन्य शहरों में भी इस योजना को लागू किया जाएगा।

इस बीच, मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना और गया से एक घंटे में राजगीर पहुंचने की योजना भी राज्य सरकार ने बनाई है और इस पर काम चल रहा है।

कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, संसदीय कार्य मंत्री सह नालंदा जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार ने भी संबोधित किया।