अगरतला : मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने शुक्रवार को भाजपा पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि गुजरात चुनाव की तारीखों की घोषणा इसलिए नहीं की गई ताकि वह (भाजपा) उस राज्य में मतदाताओं के लिए लोकलुभावन योजनाओं की घोषणा कर सके।

येचुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह (प्रधानमंत्री) सप्ताह भर के भीतर त्रिपुरा का दौरा करके लोगों को कुछ अच्छी चीजों का आश्वासन देंगे ताकि ‘‘वे भाजपा नीत राज्य सरकार के खराब प्रदर्शन पर लोगों के गुस्से को शांत कर सकें।’’

माकपा महासचिव ने यहां एक जनसभा में त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए माकपा के प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए कहा, ‘‘लेकिन, मतदाताओं को लुभाने के लिए राज्यों में चुनाव से पहले लोकलुभावन योजनाओं का ऐलान करने का उनका (मोदी का) भेद इस बार त्रिपुरा में उजागर हो जाएगा। यहां लोगों में नाराजगी है।’’

निर्वाचन आयोग ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीखों की घोषणा की है जबकि गुजरात चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है। हिमाचल प्रदेश में वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल आठ जनवरी को जबकि गुजरात में यह 18 फरवरी को समाप्त होने जा रहा है।

येचुरी ने दावा किया कि उन्होंने (प्रधानमंत्री) गुजरात में पांच साल पुरानी एक परियोजना का उद्घाटन किया, जिसका वह पहले ही अनावरण कर चुके थे।

वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा वोट खरीदने के लिए ‘‘राजनीतिक चंदे’’ का दुरुपयोग कर रही है और संसद, अदालतों के साथ-साथ निर्वाचन आयोग पर भी इसका समर्थन करने का दबाव है।

येचुरी ने आरोप लगाया, ‘‘चुनाव हारने पर भी सरकार बनाने के लिए भाजपा अब एक नई संस्कृति लेकर आई है... जो लोग भी भाजपा का विरोध करते हैं, उन्हें ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेसियों का सामना करना पड़ता है।’’